.

आजमगढ़: श्रावण और त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, अपराध नियंत्रण पर जोर


डीआईजी और एसएसपी ने क्राइम मीटिंग में दिए निर्देश,कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर बल

आजमगढ़। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नाग पंचमी, रक्षाबंधन समेत अन्य त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस लाइन स्थित सभागार में गुरुवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए।
डीआईजी और एसएसपी ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त, पैदल भ्रमण और पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर लोगों से संवाद बढ़ाया जाए। थाना स्तर पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, सोशल मीडिया की सतत निगरानी, अफवाहों और भ्रामक खबरों पर तत्काल कार्रवाई, ऑपरेशन दृष्टि, यूपी-112, ऑपरेशन कन्विक्शन और साइबर अपराध नियंत्रण की भी समीक्षा की गई। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ, सट्टा, पशु तस्करी तथा अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई और समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment