.

आजमगढ़: गोतस्करी गैंग का सदस्य मुठभेड़ में घायल,दो साथी फरार


टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर फरार हुआ था, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

आजमगढ़: अतरौलिया पुलिस ने गोतस्करी गैंग के एक वांछित सदस्य को शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी पर गैंगस्टर, लूट, गोवध, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को अचलीपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान गोवंशीय पशुओं से लदी एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया था। चालक वाहन लेकर भाग निकला और पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए गोपालीपट्टी नहर के पास पिकअप छोड़कर दो साथियों के साथ फरार हो गया था। वाहन से पांच प्रतिबंधित गोवंशीय पशु और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। इस मामले में थाना अतरौलिया में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना में संतोष यादव, संतोष सरोज और शमीम के नाम प्रकाश में आए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सुखीपुर के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में संतोष यादव पुत्र निरंजन यादव, निवासी समस्तीपुर, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। इस संबंध में थाना अतरौलिया में धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध गोवध, गैंगस्टर, लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment