मुबारकपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा,कई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा
आजमगढ़: मुबारकपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें बेचने की बात स्वीकार की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं वाहन चोरी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी लोहरा उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार पुलिस टीम के साथ गुरुवार रात क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर दामोदरपुर अंडरपास से करीब 400 मीटर आगे दामोदरपुर गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की गई। रात करीब 10:05 बजे दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुभाष यादव पुत्र विजय शंकर यादव निवासी ग्राम कोडहरा लाटघाट, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ तथा मनोज सिंह पुत्र त्रिभुवन सिंह निवासी ग्राम महुआ मुरारपुर, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से स्प्लेंडर प्रो और स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई। स्प्लेंडर प्रो पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली, जबकि जांच में उसका वास्तविक नंबर अलग पाया गया। इसके अलावा सुभाष यादव के पास से .315 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते थे और बाद में बेच देते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि स्प्लेंडर प्रो बाइक करीब चार-पांच वर्ष पहले जीयनपुर थाना क्षेत्र के कर्मरी गडेरूआ से तथा स्प्लेंडर प्लस बाइक सिधारी हाईडिल क्षेत्र से चोरी की थी। सुभाष यादव ने बताया कि उसने तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखा था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध चोरी, फर्जी नंबर प्लेट लगाने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं सुभाष यादव के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा पंजीकृत कर दोनों को न्यायालय भेज दिया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment