85 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण जीत कर बढ़ाया मान, स्टेडियम में हुआ भव्य स्वागत
आजमगढ़: थाईलैंड में आयोजित अंडर-15 एशियन बालक कुश्ती चैंपियनशिप में आजमगढ़ के होनहार पहलवान विवेक चौहान ने 85 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन किया है। एशियन कुश्ती संघ की ओर से 26 से 30 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए विवेक ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। आजमगढ़ के ग्राम चन्दौका पठखौली निवासी विवेक चौहान ने अपने खेल जीवन की शुरुआत स्थानीय सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम से की। यहां उन्होंने उप क्रीड़ाधिकारी एवं कुश्ती प्रशिक्षक जय प्रकाश यादव तथा खेलो इंडिया कुश्ती प्रशिक्षक गोविन्द यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। वर्तमान में वह आवासीय कुश्ती छात्रावास, गोरखपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विवेक के पिता किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विवेक प्रतिदिन अपने गांव से साइकिल चलाकर स्टेडियम अभ्यास के लिए पहुंचते थे। उनकी कड़ी मेहनत और लगन का ही परिणाम रहा कि वर्ष 2025 में उनका चयन कुश्ती खेल छात्रावास, गोरखपुर में हुआ। उनकी बहन प्रिया चौहान भी राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती खिलाड़ी हैं। प्रतियोगिता से लौटने के बाद 1 जुलाई को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन, उप क्रीड़ाधिकारी जय प्रकाश यादव तथा स्टेडियम के सभी प्रशिक्षकों ने विवेक का माल्यार्पण कर सम्मान किया। पूरे स्टेडियम परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Blogger Comment
Facebook Comment