.

आजमगढ़: मायके में नवविवाहिता के कमरे से अगुवा के मिलने पर बवाल


पति ने बाहर से दरवाजा बंद कर मचाया शोर, मामला थाने पंहुचा


आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक नवविवाहिता के मायके में उस व्यक्ति के मिलने से हंगामा खड़ा हो गया, जिसने दोनों परिवारों के बीच विवाह तय कराने में अहम भूमिका निभाई थी। सूचना मिलने पर पति ससुराल पहुंचा और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। शोर-शराबा होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां देर रात तक पूछताछ और पंचायत चलती रही।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती का विवाह 11 जून को जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में हुआ था। शादी के बाद वह 1 जुलाई को अपने मायके आई थी। बताया गया कि जौनपुर निवासी देवी प्रसाद राम दोनों परिवारों का पुराना परिचित है। वह झाड़-फूंक करने के साथ सब्जी बेचने का भी काम करता है और उसी ने दोनों परिवारों के बीच रिश्ता कराया था।
बताया जा रहा है कि विवाह के कुछ समय बाद देवी प्रसाद अपनी दुकान बंद कर कहीं चला गया था। इसी बीच नवविवाहिता के पति को सूचना मिली कि वह पिछले तीन दिनों से उसकी पत्नी के मायके में ठहरा हुआ है। इस पर पति गुरुवार रात चुपचाप ससुराल पहुंचा और जानकारी की पुष्टि करने के बाद कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बरदह थाने ले गई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की गई। देर रात तक पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा। बरदह थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment