.

आजमगढ़: डंपर से कुचलकर महिला की मौत, सिर धड़ से अलग हुआ


पल्हना धाम जाते समय दर्दनाक हादसा; भाई, भतीजी और एक वर्षीय बेटी घायल

आजमगढ़: मेंहनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मां पल्हना धाम दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 28 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया था। दुर्घटना में उसका भाई, भतीजी और एक वर्षीय बेटी घायल हो गए। हादसे के बाद भाग रहे डंपर चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका की पहचान तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी निशा प्रजापति (28) के रूप में हुई है। वह अपने भाई सकलदीप प्रजापति (30), भतीजी प्रिया प्रजापति (15) तथा एक वर्षीय बेटी सान्वी के साथ मोटरसाइकिल से मां पल्हना धाम दर्शन के लिए जा रही थीं। पवनी कला गांव के पास पल्हना बाजार से मेंहनगर की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद निशा सड़क पर गिर गईं और डंपर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भाग रहे डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मेंहनगर थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के अनुसार निशा की शादी करीब तीन वर्ष पहले मिर्जापुर निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी। वह लगभग 20 दिन पहले मायके आई थीं और गुरुवार को परिवार के साथ मां पल्हना धाम दर्शन के लिए निकली थीं। थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment