बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा, सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में एक 63 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। चतरातर (दुर्वासा) बाजार से घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रहे बाइक सवार की मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। खुटौली गांव निवासी श्रीराम यादव (63) गुरुवार शाम बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। धर्मदासपुर मार्ग पर स्थित डिग्री कॉलेज के पास उनकी बाइक आगे चल रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और उन्हें उपचार के लिए फूलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी सभी संतानें विवाहित हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
Blogger Comment
Facebook Comment