संयुक्त अभियान में मिठाई की दुकानों व रेस्टोरेंटों की हुई जांच,परिजनों को दी चेतावनी
आजमगढ़: जिले में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत गुरुवार को मुबारकपुर कस्बे और बाजार क्षेत्र में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाना और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों में आठ बाल श्रमिक कार्य करते मिले। टीम ने बच्चों के परिजनों को मौके पर बुलाकर भविष्य में बाल श्रम न कराने की चेतावनी दी, जबकि संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को श्रम विभाग ने नियमानुसार नोटिस जारी किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी एएचटी के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान दुकानदारों और आमजन को बाल श्रम निषेध कानून की जानकारी भी दी गई। संयुक्त टीम ने सार्वजनिक स्थानों, मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों और गैराजों पर जागरूकता पोस्टर चस्पा किए तथा लोगों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की। अभियान के दौरान टीम ने 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 और 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किसी भी प्रकार के बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति या बच्चों के शोषण की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने के लिए लोगों को जागरूक किया। अभियान में प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी नजरे आलम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप, मुख्य आरक्षी रामजनम यादव तथा महिला आरक्षी पूनम द्विवेदी शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment