एपीके लिंक भेजकर मोबाइल हैक करने वाले गिरोह का सदस्य धराया, बुलेट बरामद
आजमगढ़: साइबर सेल और महाराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर फ्री में नई फिल्म और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके (APK) फाइल का लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करता था। इसके बाद पीड़ितों के बैंक खातों से रकम म्यूल खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के जरिए निकाल ली जाती थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 3.5 लाख रुपये की नई बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और 1,330 रुपये नकद बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर सेल और महाराजगंज पुलिस की टीम 22 जुलाई को नया चौक क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि साइबर ठगी की रकम एटीएम से निकालने वाला एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल से सहदेवगंज की ओर से महाराजगंज आ रहा है। सूचना पर प्रतापपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और 1,330 रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा कुमार पुत्र राजदेव राम, निवासी ग्राम नौबरार त्रिपुरारपुर खालसा, थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फर्जी आधार कार्ड के जरिए जनसेवा केंद्रों से साइबर ठगी की रकम निकलवाने का काम करता था। बरामद आईफोन उसके साथी आशीष कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी 3-बी अनिमा कॉम्प्लेक्स, मछली गली, न्यू जक्कनपुर, मीठापुर, पटना (बिहार) का है। इस फोन का इस्तेमाल म्यूल खातों से जुड़े फर्जी मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी प्राप्त करने के लिए किया जाता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर फ्री मूवी और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके लिंक पोस्ट करता था। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ितों का मोबाइल हैक हो जाता था और बैंक खातों से रकम निकालकर गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment