बाढ़ से पहले तट सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता न करने की चेतावनी
आजमगढ़: आगामी संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को सगड़ी तहसील के सहबदिया सुल्तानपुर गांव स्थित कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी किनारे चल रहे कटानरोधी कार्यों और परकुपाइन संरचनाओं का जायजा लिया तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कटानरोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त सुरक्षा कार्य कराकर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तट के बेहतर सुदृढ़ीकरण के लिए शीघ्र तकनीकी प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहबदिया सुल्तानपुर निवासी बृजेश पटेल से बातचीत कर नदी के कटान की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि नदी का कटाव लगातार बढ़ रहा है और गांव के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गंभीरता के साथ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में नदी का बहाव और अधिक गांव की ओर बढ़ गया है। पहले से बने पत्थरयुक्त सुरक्षा ढांचे के पीछे भी कटान हो रहा है, जिससे तट को अतिरिक्त सुरक्षा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विस्तृत तकनीकी आकलन के बाद प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जाएगा, ताकि स्थायी कटानरोधी कार्य कराए जा सकें और भविष्य में बाढ़ के दौरान नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को कटान प्रभावित ग्रामीणों के बयान और स्थानीय स्थिति का विस्तृत विवरण संकलित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। यह प्रस्ताव प्रमुख सचिव को भेजा जाएगा, जिससे आवश्यक स्वीकृति और संसाधन उपलब्ध कराकर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने हाजीपुर में निर्माणाधीन बंधे का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह, सिंचाई विभाग के अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment