प्रेम-प्रसंग के बाद परिजनों ने साथ ले जाने से किया था इंकार, पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़: जनपद स्थित वन स्टॉप सेंटर में रह रही एक युवती ने सोमवार देर रात बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार युवती का अपने क्षेत्र के एक युवक से प्रेम-प्रसंग था। कुछ दिन पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर थाने लाकर काउंसिलिंग कराई। काउंसिलिंग के दौरान परिजनों ने युवती को अपने साथ ले जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद नियमानुसार उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया।बताया जा रहा है कि परिजनों के इस रवैये से युवती मानसिक तनाव में थी। सोमवार देर रात वह सेंटर के बाथरूम में गई और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर युवती फंदे से लटकी मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment