पहले चरण में 21 फलदार पौधे लगाए, पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प
आजमगढ़: पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब आजमगढ़ ने रविवार को ईशान पब्लिक स्कूल परिसर से वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के पहले चरण में 21 फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान क्लब पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रवि जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा का भी दायित्व निभाना चाहिए। क्लब के सचिव सुनील अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजागरूकता का सतत प्रयास है। आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न स्थानों पर फलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जा सके। ईशान पब्लिक स्कूल के निदेशक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यालय परिवार विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण अगले रविवार को शहर के किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सुदर्शन दास अग्रवाल, शशि भूषण अग्रवाल, संजय डालमिया, डॉ. भक्त वत्सल, सी.के. त्यागी, अभिषेक द्विवेदी, गोबिंद अग्रवाल, ओम अग्रवाल, विजय कुमार, राकेश द्विवेदी, मुकुंद अग्रवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य और विद्यालय परिवार के लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
Blogger Comment
Facebook Comment