आजमगढ़: जनपद की महराजगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह फर्जी आधार कार्ड के जरिए विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि उन खातों में मंगवाता था और बाद में एटीएम व जनसेवा केंद्रों के माध्यम से यूपीआई से नकदी निकालता था। पुलिस के अनुसार थाना महराजगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 176/2026 में जांच के दौरान इस गिरोह का खुलासा हुआ था। मामले में विकास यादव सहित चार आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी सगड़ी को आवंटित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार देर रात करीब 12:10 बजे बजरंग चौक, कस्बा महराजगंज से विकास यादव पुत्र राकेश यादव, निवासी उसुरकुढ़वा, थाना महराजगंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से नकद निकालने का काम करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपने कृत्य पर पछतावा भी जताया है। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment