जहानागंज में बाइकों की टक्कर में दो की गई जान, रानी की सराय में कार की टक्कर से युवक की मौत
आजमगढ़: जिले में मंगलवार सुबह अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुआ गांव के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान शिवशंकर दुबे पुत्र विजय रतन दुबे निवासी बिशुनपुर, चिरैयाकोट मऊ तथा विजय कुमार पुत्र छबील निवासी पुराना आरटीओ ऑफिस, भदुली, थाना सिधारी (आजमगढ़) के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धनहुआ गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी घटना रानी की सराय थाना क्षेत्र के सहीदवारा बाजार में हुई। यहां मंगलवार सुबह करीब नौ बजे आजमगढ़ की ओर जा रहे बाइक सवार युवक को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में टेकमलपुर गांव निवासी 26 वर्षीय किशन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि घटना के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment