तीन भैंसें, पिकअप, बाइक, तमंचे व नकदी बरामद,पशु चोरी की 5 घटनाओं का खुलासा
आजमगढ़: जिले की बरदह और दीदारगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन भैंसें, एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, कारतूस, खोखा कारतूस तथा ₹7,000 नकद बरामद किए हैं। गिरोह ने आजमगढ़ के बरदह, दीदारगंज, महाराजगंज और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों समेत पांच पशु चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत दीदारगंज पुलिस ने शारदा नहर स्थित सुघरपुर पुलिया के पास बिना नंबर प्लेट की पिकअप को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राशिद पुत्र महबूदिल निवासी हंसवर, अंबेडकरनगर घायल हो गया, जबकि अशफाक उर्फ मोनू पुत्र शौकत अली निवासी हसनाडीह थाना अहरौला को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी उमर अली उर्फ नन्हकू फरार हो गया। मौके से एक तमंचा, कारतूस, पिकअप वाहन तथा अशफाक की निशानदेही पर चोरी की एक भैंस बरामद हुई। इसी क्रम में बरदह पुलिस ने ग्राम कोदहरा के पास घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फिरोज पुत्र खदेरु निवासी मुरारपुर थाना अकबरपुर, अंबेडकरनगर घायल हो गया, जबकि जुबैर पुत्र शोएब निवासी मुहम्मदपुर भिटिया थाना गंभीरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। रिंकू यादव फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, कारतूस, ₹7,000 नकद, एक मोटरसाइकिल तथा जुबैर की निशानदेही पर चोरी की दो भैंसें बरामद कीं। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों में पहले रेकी करते थे और रात के समय भैंसों की चोरी कर उन्हें व्यापारियों के माध्यम से बेच देते थे। बिक्री से मिली रकम को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पशु चोरी, आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। दोनों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment