.

आजमगढ़: चेन स्नेचिंग गिरोह का सरगना गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार


महिलाओं से चेन छीनने और चोरी की वारदातों में रहा हैशामिल,11 मुकदमे हैं दर्ज

आजमगढ़: महिलाओं के गले से चेन स्नेचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना को कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और वाराणसी में चेन स्नेचिंग, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2025 को कोतवाली क्षेत्र में बाजार से घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान विशाल उर्फ बाबू बीडी और पिंटू हरिजन उर्फ अशोक का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी संगठित गिरोह बनाकर महिलाओं से चेन स्नेचिंग, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध कर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे। गिरोह की गतिविधियों से आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने गिरोह का गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी की स्वीकृति के लिए भेजा। 16 जुलाई 2026 को गैंग चार्ट स्वीकृत होने के बाद थाना कोतवाली में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को ठंडी सड़क बंधा रोड स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के पास से गैंगस्टर एक्ट में वांछित विशाल उर्फ बाबू बीडी पुत्र भरतलाल, निवासी पुराना कांशीराम आवास, ब्लॉक-113, कमरा संख्या-06, चौकी कांशीराम आवास, थाना शिवपुर, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment