.

आजमगढ़: निर्वाचन अधिकारी बन साइबर ठग ने उड़ाए ₹32,999, पुलिस ने रकम कराई वापस


मतगणना ड्यूटी के मानदेय का झांसा देकर शिक्षामित्र से की गई थी साइबर ठगी

आजमगढ़' सिधारी थाना क्षेत्र में एक महिला शिक्षामित्र को निर्वाचन अधिकारी बनकर फोन करने वाले साइबर ठग ने मतगणना ड्यूटी के मानदेय का भुगतान कराने का झांसा देकर ₹32,999 की ठगी कर ली। हालांकि पीड़िता द्वारा समय रहते शिकायत दर्ज कराने पर थाना सिधारी की साइबर टीम और साइबर सेल आजमगढ़ की त्वरित कार्रवाई से पूरी धनराशि वापस बैंक खाते में करा दी गई। पुलिस के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को निर्वाचन अधिकारी बताते हुए महिला शिक्षामित्र को फोन किया और मानदेय दिलाने के नाम पर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही। झांसे में आकर पीड़िता ने डिजिटल भुगतान प्रक्रिया अपनाई, जिसके बाद उसके खाते से ₹32,999 निकल गए। शिकायत मिलने के बाद थाना सिधारी की साइबर टीम ने साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से संबंधित बैंक एवं प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित किया। समय पर की गई कार्रवाई के चलते पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के सरकारी अधिकारी बनकर किए गए फोन कॉल पर भरोसा न करें। ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, पासवर्ड या स्क्रीन शेयरिंग ऐप का एक्सेस किसी के साथ साझा न करें। किसी भी सरकारी योजना, मानदेय, वेतन, सब्सिडी या रिफंड के नाम पर मिलने वाले कॉल की पहले संबंधित विभाग से पुष्टि करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें तथा निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment