.

आजमगढ़: घर में घुसकर महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला


एक सप्ताह पहले हुए दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड के बाद फिर दहला पवई क्षेत्र, गंभीर हालत में भर्ती

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए चर्चित दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि गुरुवार देर रात एक और सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। घर में अकेली रह रही 48 वर्षीय महिला पर अज्ञात परिस्थितियों में धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। गर्दन और हाथ पर कई वार किए जाने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार पवई कस्बा निवासी दुर्गावती (48), पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद, गुरुवार रात अपने घर में अकेली थीं। उन्होंने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। इसी दौरान हमलावर किसी तरह घर के भीतर पहुंचा और उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण अंदर नहीं जा सके। सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया। घर की दूसरी मंजिल पर दुर्गावती खून से लथपथ अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण परिजन उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि दुर्गावती एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के संबंध में अहरौला थाना क्षेत्र के गुमकोठी निवासी बृजेश कुमार ने पवई थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बहन दुर्गावती पर पवई कस्बा निवासी सुजीत मौर्य ने धारदार हथियार से हमला किया और वारदात के बाद कमरे का दरवाजा बंद कर फरार हो गया। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि पवई क्षेत्र में हाल ही में हुए दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। ऐसे में एक सप्ताह के भीतर हुई इस दूसरी गंभीर वारदात ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment