जिलाधिकारी ने दिलाई शपथ, जागरूकता रैली और प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
आजमगढ़: जनपद में बुधवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत हो गई। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के साथ जागरूकता रैली और प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा, जबकि 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार और अन्य संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग टीम भावना के साथ कार्य करें और लोगों को स्वच्छता एवं बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि मच्छरों से बचाव के लिए घरों के आसपास जलभराव न होने दें, कूलर व गमलों का पानी नियमित बदलें, पूरी बांह के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का उपयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार का बुखार होने पर लापरवाही न करें और तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग समेत 13 विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। डब्ल्यूएचओ की एनपीएसपी यूनिट और पाथ जैसी संस्थाएं भी तकनीकी सहयोग देंगी। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार और कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी तथा जानकारी ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। साथ ही आभा आईडी बनाने और ओआरएस व जिंक की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि अभियान के तहत जलभराव खत्म करने, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी जैसे कार्य किए जाएंगे। विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रभात फेरियां और शपथ कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पूरी बांह की शर्ट और फुल पैंट पहनाकर स्कूल भेजने की अपील की। जागरूकता रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला महिला चिकित्सालय परिसर पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, जलजनित एवं मच्छरजनित रोगों से बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में एसीएमओ उमा शरण पांडेय, जिला मलेरिया अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment