53 किलो का केक काटा गया, वृक्षारोपण कर दीर्घायु की कामना की गई
आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को जिला पार्टी कार्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 53 किलो का केक काटकर उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में सपा के गायक कलाकारों ने गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। इसके बाद जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के नेतृत्व में कुंवर सिंह उद्यान में पीपल, नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव के प्रकृति प्रेम को देखते हुए जनपद के सभी गांवों और बूथों पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अखिलेश यादव पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों, किसानों, गरीबों और नौजवानों के हितों की चिंता करने वाले नेता हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, सांसद प्रतिनिधि विपिन यादव सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment