भोजन के दौरान हुए विवाद के बाद अज्ञात हमलावरों ने किया हमला
आजमगढ़: जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने गए युवकों पर अज्ञात लोगों द्वारा किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर निवासी अगस्त त्रिपाठी के यहां से बारात मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव आई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लहुआ कला नसीरपुर निवासी युवती का विवाह उसके नाना लालजी दुबे के घर से कराया जा रहा था। युवती के भाई गौरव पाण्डेय ने अपने दोस्त आनंद राजभर निवासी सराय, थाना देवगांव को शादी में आमंत्रित किया था। बताया जाता है कि शादी समारोह में भोजन के दौरान आनंद राजभर का कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद उसने सुरक्षित घर लौटने के लिए अपने गांव के साथियों को बुला लिया। सूचना पर देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव निवासी प्रीतेश राजभर (20) पुत्र स्वर्गीय सुनील राजभर तथा ओटू राजभर (26) पुत्र जमुना राजभर भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि गांव पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात लोगों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया। हमले में प्रीतेश और ओटू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले मेहनाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। प्रीतेश की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। एक निजी अस्पताल में भर्ती न मिलने के बाद दूसरे हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक प्रीतेश के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी मां का इकलौता बेटा था और उसकी दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं घायल ओटू राजभर का संयुक्त चिकित्सालय लालगंज में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित होकर मेहनाजपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment