ऑनलाइन आवेदन शुरू, 20 व 40 दिन की यात्रा का विकल्प; जिले में बनाए गए हर हज सुविधा केंद्र
आजमगढ़: हज-2027 पर जाने के इच्छुक लोग 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट और 'हज सुविधा' मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए मशीन-पठित (मशीन रीडेबल) पासपोर्ट अनिवार्य है। हस्तलिखित पासपोर्ट मान्य नहीं होगा तथा पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। इस बार सामान्य 40 दिन की हज यात्रा के साथ 20 दिन की हज यात्रा का भी विकल्प दिया गया है। 20 दिन की यात्रा के लिए सीमित सीटें उपलब्ध हैं और इसके लिए अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चिन, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई से ही उड़ानों की व्यवस्था रहेगी। ऑनलाइन आवेदन करते समय पासपोर्ट आकार का फोटो, पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ की प्रति, पता प्रमाण, बैंक खाते का विवरण तथा कैंसिल चेक या बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करनी होगी। आवेदन से पहले हज नीति और दिशा-निर्देशों का अध्ययन करना आवश्यक है। हज-2027 के लिए अधिकतम पांच लोग एक साथ आवेदन कर सकते हैं, लेकिन सभी एक ही श्रेणी के होने चाहिए। प्रत्येक आवेदक का अपना अलग मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। बिना मेहरम श्रेणी में 65 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा, जिसे चयन होने पर अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति को जमा करना होगा। जनपद में आवेदकों की सुविधा के लिए सरायमीर, सदर आजमगढ़, मुबारकपुर और बिलरियागंज में हज सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय या संबंधित हज ट्रेनरों से संपर्क किया जा सकता है।
Blogger Comment
Facebook Comment