नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही का आरोप,पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव स्थित आर्य नंदिनी निजी नर्सिंग होम में भर्ती एक महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया। मृतका की पहचान मऊ जिले के घोसी क्षेत्र निवासी रामदुलारी के रूप में हुई है। उनके पति जयहिंद का आरोप है कि महिला को हार्निया की शिकायत होने पर आर नंदिनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां डॉ. गुलाब चौहान की देखरेख में उपचार चल रहा था। आरोप है कि हालत बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को बिना सूचना दिए महिला को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली और वे पहुंचे, तब तक दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रामदुलारी की मौत हो चुकी थी। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर किसी तरह सड़क से जाम हटवाया। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Blogger Comment
Facebook Comment