देवगांव सीएचसी में तीन कर्मियों का वेतन रुका, लालगंज अस्पताल में बढ़ेगा पंजीकरण काउंटर
आजमगढ़: मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव और 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देवगांव सीएचसी में दो चिकित्सक और एक कनिष्ठ सहायक बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने तीनों का स्पष्टीकरण तलब करने और अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी देवगांव में साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक मिलीं, लेकिन उपस्थिति पंजिका की जांच में कनिष्ठ सहायक विवेकानंद तिवारी, मेडिकल ऑफिसर डॉ. फणीस और मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश कुमार ड्यूटी से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद सीएमओ ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति संतोषजनक मिली तथा आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं। अस्पताल परिसर और ओपीडी में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर मिली। निरीक्षण के दौरान मरीजों की संख्या के मुकाबले पंजीकरण काउंटर कम होने से हो रही असुविधा को देखते हुए सीएमओ ने तत्काल एक अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को पंजीकरण और उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना चाहिए। डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति अनिवार्य है तथा ड्यूटी में लापरवाही या मरीजों के प्रति उदासीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, सुचारु पंजीकरण व्यवस्था और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment