.

आजमगढ़: सड़क हादसे में आरक्षी की मौत,राजकीय सम्मान के साथ दी गई श्रद्धांजलि



कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

आजमगढ़: कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई की रात करीब 11 बजे थाना सिधारी क्षेत्र के बेलईसा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर अनुबंधित बस संख्या UP 50 DT 7577 ने आरक्षी बलवंत सिंह यादव (पीएनओ-222050180) को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी समाप्त कर पुलिस लाइन लौट रहे थे। दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव पुत्र मोती सिंह यादव, ग्राम करजरा, पोस्ट एवती, थाना धीना, जनपद चंदौली के निवासी थे। उनका जन्म 7 मार्च 1997 को हुआ था। वह 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में कमिश्नर की सुरक्षा गार्ड ड्यूटी में तैनात थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई कर परिजनों को सूचना दी। गुरुवार को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।श्रद्धांजलि सभा में सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की। नम आंखों से उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने कर्तव्यनिष्ठ जवान को अंतिम विदाई दी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment