वेतन संशोधन लागू करने और लंबित वेतन समझौते पर शीघ्र निर्णय की मांग
आजमगढ़: बीएसएनएल कोऑर्डिनेशन कमेटी के आह्वान पर बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन ने बुधवार से तीन दिवसीय धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन को तत्काल लागू करने और वेतन समझौते की फाइल पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई। धरने की अध्यक्षता पंचानंद राय ने की। धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के सहायक महासचिव आनंद कुमार सिंह ने कहा कि वेतन संशोधन की फाइल 12 फरवरी 2026 से दूरसंचार विभाग में लंबित है। सरकार की ओर से अफोर्डेबिलिटी क्लॉज में आवश्यक संशोधन नहीं किए जाने के कारण कर्मचारियों को उनका न्यायोचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि चौथे वेतन संशोधन आयोग के गठन की प्रक्रिया के बीच इस मामले का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है। प्रांतीय संगठन मंत्री सुनील कुमार उपाध्याय ने कहा कि कर्मचारियों का धैर्य अब टूटने लगा है। यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। धरने में कर्मचारियों ने वेतन संशोधन तत्काल लागू करने, लंबित वेतन समझौते को मंजूरी देने और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बंद करने की मांग की। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन के अगले चरण में और अधिक प्रभावी रणनीति अपनाई जाएगी। धरने में सुनील कुमार सिंह, महेश कुमार, स्मृति देवी, किस्मती देवी, परमेश्वर शाह, संदीप कुमार, अनिल यादव, जयप्रकाश पांडेय, राम फिर राम, गुरुचंद, अरविंद उपाध्याय, प्रशांत कुमार यादव, कमलेश कुमार यादव, अभिनव कुमार द्विवेदी, संतोष श्रीवास्तव, विजय कुमार, बालमुकुंद यादव, रवि भास्कर मौर्य, अवधेश तिवारी, विद्या देवी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment