हत्या के प्रयास का मामले, निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद
आजमगढ़' निजामाबाद थाना क्षेत्र में सहन की जमीन के विवाद में एक व्यक्ति पर फावड़े से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है। मामले में अन्य नामजद आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को रघुनाथपुर निवासी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि सहन की भूमि पर कब्जे के विवाद को लेकर अमन, अर्पित, मुकेश और निशा तिवारी ने उनके चाचा राजमणि तिवारी पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 184/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बुधवार को उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे के वांछित आरोपित रघुनाथपुर गेट के पास ऑटो का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को सुबह करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अर्पित तिवारी पुत्र मुकेश तिवारी (21 वर्ष) तथा निशा तिवारी पत्नी मुकेश तिवारी (48 वर्ष) निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अर्पित तिवारी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Blogger Comment
Facebook Comment