झाड़-फूंक के नाम पर दो सगी बहनों से दुष्कर्म और तीसरी से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
आजमगढ़: फूलपुर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर दो सगी बहनों का लंबे समय तक कथित रूप से यौन शोषण करने तथा तीसरी बहन से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को पीड़िता ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया कि महफूज पुत्र अबूबकर, निवासी गहनी खुर्द, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ पिछले चार-पांच वर्षों से उनके घर आता-जाता था। आरोप है कि घटना के दिन उसने माता-पिता को मंत्र-जाप के बहाने घर के बाहर बैठा दिया और अंदर झाड़-फूंक करने के दौरान पीड़िता से दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंच गए और आरोपित को पकड़ लिया। घटना के बाद पीड़िता की दो सगी बहनों ने भी आरोप लगाया कि महफूज ने तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर उन्हें डराकर लंबे समय तक दुष्कर्म किया। विरोध करने या किसी को बताने पर तांत्रिक विद्या से जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 232/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1), 351(3), 352, 333 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) में मुकदमा दर्ज किया। फूलपुर पुलिस ने आरोपित महफूज पुत्र अबूबकर, निवासी गहनी खुर्द, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 40 वर्ष को 22 जुलाई की रात करीब 11:26 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार वर्मा तथा कांस्टेबल गौरव यादव शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment