पवई में महिला पर जानलेवा हमले के मामले में वांछित था; तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद
आजमगढ़: पवई कस्बे में महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजीत मौर्य पुत्र राम मगन मौर्य, निवासी कस्बा पवई, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 220 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 16 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपी चोरी-छिपे महिला के घर में घुस गया था। महिला द्वारा विरोध और शोर मचाने पर उसने धारदार हथियार से महिला की गर्दन पर लगातार दो वार और हाथ पर एक वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला को एकतरफा पसंद करता था और लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था। घटना के बाद थाना पवई में मुकदमा संख्या 176/2026 धारा 109(1)/118(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम शुक्रवार-शनिवार की रात वांछित आरोपी की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी खंडोरा अंडरपास के पास छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद उसने दोबारा तमंचा लोड करने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। पूछताछ में आरोपी ने महिला पर हमले की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए आसपास के इलाके में छिपा हुआ था और मौका मिलते ही फरार होने की फिराक में था। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र कर वीडियोग्राफी कराई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध शस्त्र रखने के आरोप में मुकदमा संख्या 177/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल आरोपी का उपचार जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment