.

आजमगढ़: आईएमए चुनाव में डॉ. डीपी राय अध्यक्ष, डॉ. रजनी सचिव निर्वाचित


सचिव पद पर मतों की बराबरी के बाद कार्यकारिणी के निर्णय से डॉ. रजनी त्रिपाठी घोषित हुईं विजेता

आजमगढ़: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की आजमगढ़ शाखा के सत्र 2026-28 के द्विवार्षिक चुनाव में डॉ. डीपी राय अध्यक्ष और डॉ. रजनी त्रिपाठी सचिव निर्वाचित हुईं, जबकि डॉ. फरहान अहमद पहले ही निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुने जा चुके थे। हरिहरपुर स्थित आईएमए भवन में मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. नंदलाल यादव और चुनाव आयुक्त डॉ. अभिषेक सिंह की देखरेख में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कुल 234 मतदाताओं में से 220 डॉक्टरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के चुनाव में डॉ. डीपी राय ने 146 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी डॉ. आनंद सिंह को 74 मतों से पराजित किया। वहीं सचिव पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। डॉ. रजनी त्रिपाठी और डॉ. मोहम्मद खालिद दोनों को 110-110 मत मिले, जिससे चुनाव टाई हो गया।
निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. निर्मल श्रीवास्तव ने बताया कि बाद में डॉ. मोहम्मद खालिद की सहमति और कार्यकारिणी के निर्णायक निर्णय के आधार पर डॉ. रजनी त्रिपाठी को सचिव पद पर विजयी घोषित किया गया। इससे पहले कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. फरहान अहमद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।
परिणाम घोषित होते ही आईएमए भवन में उत्साह का माहौल बन गया। चिकित्सकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी। वरिष्ठ चिकित्सकों ने नई कार्यकारिणी के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment