.

आजमगढ़: जमीनी विवाद में जानलेवा हमले के पांच आरोपी गिरफ्तार


दो लाठी और लोहे की रॉड बरामद, बुजुर्ग समेत दो घायलों का हो रहा इलाज

आजमगढ़: जहानागंज थाना क्षेत्र के टेल्हुआ चकवली गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को मालती देवी पत्नी गरीब यादव निवासी ग्राम टेल्हुआ चकवली की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष ने एकराय होकर उनके 75 वर्षीय पति गरीब यादव और 35 वर्षीय पुत्र रामअशीष यादव पर लोहे की रॉड व अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार तड़के करीब 1:05 बजे उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह और उनकी टीम ने थाना परिसर से वांछित आरोपी केदारनाथ यादव पुत्र स्व. रामदेव यादव, रामअधार यादव पुत्र स्व. रामदेव यादव, सर्वेश उर्फ फिरींगी पुत्र केदारनाथ यादव, अनिल उर्फ रामविलास पुत्र स्व. लालचंद यादव तथा अवधेश यादव पुत्र स्व. फूलचंद यादव, सभी निवासी ग्राम टेल्हुआ चकवली, थाना जहानागंज को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर दो लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद की गई। इस संबंध में थाना जहानागंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment