दीदारगंज पुलिस ने 48 घंटे में की कार्रवाई, गलत इंजेक्शन लगाने का है आरोप
आजमगढ़: में दीदारगंज थाना क्षेत्र में कथित गलत चिकित्सकीय उपचार और इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी डॉक्टर और उसके कम्पाउंडर को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ गए। दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को क्षेत्र के एक व्यक्ति अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने पर गांव के एक निजी चिकित्सक के पास उपचार के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि चिकित्सक ने अपने कम्पाउंडर को दवा और इंजेक्शन देकर मरीज के घर भेजा, जहां उसने महिला को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए शाहगंज (जौनपुर) ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पीड़ित की तहरीर पर 4 जुलाई को दीदारगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान कम्पाउंडर की पहचान नीरज कुमार प्रजापति के रूप में हुई। थाना दीदारगंज पुलिस ने सोमवार सुबह पल्थी बाजार (शाहगंज रोड तिराहा) से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में अशोक कुमार मौर्या पुत्र संतराज मौर्या, निवासी ग्राम नौहरा, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ तथा नीरज कुमार प्रजापति पुत्र नन्दलाल प्रजापति, निवासी ग्राम कैथौली, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Blogger Comment
Facebook Comment