.

आजमगढ़: डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की


उपमुख्यमंत्री ने बाबू राम कुंवर सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, बोले— 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य होगा पूरा

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान जिले में चल रहे विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर उनका स्वागत पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया।
बैठक में जिलाधिकारी और एसएसपी ने उपमुख्यमंत्री को जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं, सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं तथा कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान हरिऔध कला केंद्र पहुंचे, जहां श्रद्धेय बाबू राम कुंवर सिंह की 22वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने बाबूराम कुंवर सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान को याद किया।
प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण और नगरीय विकास समेत सभी क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य कर रही है। आमजन को सुरक्षित, भयमुक्त और सुशासित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प भी समयबद्ध रूप से पूरा होगा और इसमें जनता का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों से उनकी भागीदारी और सम्मान में वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकास और सुशासन की नीतियों को जनता का निरंतर समर्थन मिलता रहेगा।
कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर, मधुबन विधायक रामविलास चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, कार्यक्रम संयोजक प्रवीण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment