फर्जी खतौनी से जमीन ठगी के आरोपित कृष्णचंद्र राय की गगनचुंबी इमारत कुर्क करने का आदेश
आजमगढ़' संगठित अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एवं कुख्यात अपराधी कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की गगनचुंबी इमारत को कुर्क करने का आदेश प्राप्त किया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यबीर सिंह ने धारा 107 बीएनएसएस के तहत यह आदेश पारित करते हुए तहसीलदार को संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई धारा 107 बीएनएसएस के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। पुलिस के मुताबिक थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 92/2026 की विवेचना के दौरान सामने आया कि गैंगलीडर, गैंगस्टर, भूमाफिया और हिस्ट्रीशीटर कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय पुत्र सुखसागर राय, निवासी मुहम्मदपुर फेटी थाना बरदह (हाल पता- मोहल्ला कोडर अजमतपुर, थाना कोतवाली), उम्र लगभग 49 वर्ष ने फर्जी खतौनी के जरिए जमीन के नाम पर ठगी, कूटरचना और अन्य संगठित अपराधों से अर्जित धन से वर्ष 2012 से ग्राम कोडर अजमतपुर में जमीन खरीदकर गगनचुंबी भवन तैयार कराया। बाद में अपराध से अर्जित धन से ही उसका विस्तार और नवीनीकरण भी कराया गया। विवेचना में यह भी सामने आया कि यह भवन गैंग के सदस्यों के जुटने और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने का प्रमुख केंद्र बना हुआ था। राजस्व विभाग द्वारा भूमि के चिन्हांकन तथा लोक निर्माण विभाग की तकनीकी जांच के बाद भवन और भूमि का बाजार मूल्य करीब 10 करोड़ रुपये आंका गया। पुलिस का दावा है कि अभियुक्त के पास भवन निर्माण अथवा बैंक ऋण की किस्तें चुकाने के लिए कोई वैध आय का स्रोत नहीं मिला। पुलिस के अनुसार अपराध के धन से अभियुक्त ने आसपास की जमीन भी कब्जे में लेकर अपना साम्राज्य बढ़ाया और यह संपत्ति कुल पांच गाटा संख्या में फैली हुई है। वर्तमान में कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय जेल में निरुद्ध है और प्रशासनिक आधार पर उसे पहले ही अंबेडकरनगर जेल स्थानांतरित किया जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, थाना कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में यह कुर्की आदेश प्राप्त किया गया। पुलिस ने बताया कि संगठित अपराध, गैंगस्टरों और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Blogger Comment
Facebook Comment