.

आजमगढ़: अस्तित्वहीन मदरसे के अनुदान घोटाले में वांछित आरोपी गिरफ्तार


एसआईटी जांच में दर्ज है मुकदमा, फरार अभियुक्त को दीदारगंज पुलिस ने दबोचा

आजमगढ़: दीदारगंज थाना पुलिस ने अस्तित्वहीन मदरसे के नाम पर फर्जी अभिलेख तैयार कर शासकीय अनुदान के गबन से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार सुबह आजादनगर बाजार से पकड़कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी 2025 को राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (एसआईटी) मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक के.बी.पी. सिंह की तहरीर पर दीदारगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि ग्राम पाइन्दापुर, फूलपुर स्थित अस्तित्वहीन मदरसा गफ्फरुल ओलूम (मदरसा आईडी-191100507) के नाम पर कूटरचित अभिलेख तैयार कर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया गया और शासकीय धनराशि का गबन किया गया। मामले में मदरसे के प्रबंधक, शिक्षक तथा मान्यता देने से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान फरार चल रहे आरोपी जितेन्द्र सिंह चौहान पुत्र सतीराम चौहान, निवासी ग्राम शेखवलिया, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ को पुलिस टीम ने बुधवार सुबह करीब 9:05 बजे आजादनगर बाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना दीदारगंज में मुकदमा संख्या 52/2025, धारा 409, 420, 467, 468 एवं 471 भादवि के तहत कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामबहादुर यादव, आरक्षी सदानन्द यादव तथा महिला कांस्टेबल पल्लवी वर्मा शामिल रहीं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment