.

आजमगढ़: 8 सूत्रीय मांगों को लेकर बीएसएनएल कर्मियों ने दिया धरना


भोजनावकाश में किया प्रदर्शन, सीएमडी के नाम प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़: भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) कर्मचारी यूनियन (बीएसएनएलईयू) के राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को आजमगढ़ के बीएसएनएल सीडॉट परिसर में कर्मचारियों ने राष्ट्रीय विरोध दिवस के तहत भोजनावकाश के दौरान शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी आठ सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और बीएसएनएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के नाम संबोधित ज्ञापन स्थानीय प्रबंधन को सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। धरने का नेतृत्व बीएसएनएलईयू के अखिल भारतीय सहायक महासचिव एवं प्रांतीय अध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान में लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। यदि प्रबंधन ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो संगठन आंदोलन को और व्यापक करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने सरकार की निजीकरण और कॉरपोरेट समर्थक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों को मजबूत करने और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। धरना स्थल पर कर्मचारियों ने "एकता हमारी, संघर्ष हमारा, विजय हमारी" के नारे लगाकर एकजुटता का प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मांग की कि वेतन समझौते को किफायतीपन की शर्त से छूट देकर दूरसंचार विभाग से स्वीकृति दिलाई जाए, एनईपीपी और ईपीपी की विसंगतियां दूर कर नई पदोन्नति नीति लागू की जाए, भत्तों एवं सुविधाओं में सुधार के साथ समितियों में स्टाफ साइड का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा सुपर एन्यूएशन लाभ में नियोक्ता का अंशदान 25 से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने, दूसरी पीआरसी की सिफारिशें लागू करने, सभी कैडरों में रिक्त पदों पर शीघ्र सीधी भर्ती करने, जम्मू-कश्मीर में कार्यरत कर्मचारियों को कश्मीर वैली भत्ता देने, जनवरी 2025 से लंबित आकस्मिक मजदूरों का सीडीए एरियर जारी करने, स्थानांतरण नीति की समीक्षा करने तथा आउटडोर मेडिकल प्रतिपूर्ति की सीमा का निर्धारण 1 अप्रैल 2026 के मूल वेतन एवं महंगाई भत्ते के आधार पर किए जाने की मांग उठाई गई।
अभिनव द्विवेदी ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी अब स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारी अपने अधिकारों की लड़ाई एकजुट होकर लड़ते रहेंगे। भोजनावकाश समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट गए। धरने में विजय कुमार, सुनील उपाध्याय, किसमती देवी, अविनाश मौर्य, राजनारायण चौरसिया, नीलम पांडेय, सुनील सिंह, पीएन सिंह, वैष्णवो सिंह, रामउरे रवि, देवेश, बालमुकुंद यादव, गुरूचंद, प्रशांत यादव, माता प्रसाद, कुसुमलता मौर्य, सादिक अमीन सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment