जहानागंज क्षेत्र के नयापुरा में घरेलू विवाद के दौरान चाकू मारा था
आजमगढ़: जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा मोहल्ले में घरेलू विवाद के दौरान बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को घटना के करीब पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 30 जून को कस्बा जहानागंज के नयापुरा मोहल्ले में घरेलू विवाद के दौरान मो. अनस उर्फ राजू ने अपने बड़े भाई दिलशेर अहमद पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दिलशेर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी सुमैया अख्तरी की तहरीर पर जहानागंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय हुई जहानागंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करहा मार्ग स्थित पुनर्जी पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी मो. अनस उर्फ राजू पुत्र स्व. इम्तियाज, निवासी नयापुरा, कस्बा जहानागंज, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई करीब दो वर्ष दुबई में रहने के बाद लगभग 15 दिन पहले घर लौटा था। घर के खर्च को लेकर उसकी मां और बड़े भाई के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसे गुस्सा आ गया और उसने पास में रखा चाकू उठाकर बड़े भाई पर कई वार कर दिए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना जहानागंज में मुकदमा संख्या 140/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment