.

आजमगढ़: दोहरे हत्याकांड का ₹50 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार


दादा और चचेरे भाई की हत्या के बाद फरार था, दोनों पैरों में गोली लगी; तमंचा, कुल्हाड़ी बरामद

आजमगढ़: पवई थाना क्षेत्र के चर्चित दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल और ₹600 नकद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक 9/10 जुलाई 2026 की रात पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति के विवाद और पारिवारिक रंजिश के चलते संतोष यादव ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना पवई में मुकदमा संख्या 172/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था। मंगलवार को थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग और वांछित अभियुक्त की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी मोटरसाइकिल से ओरिल की तरफ से हेवती की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने हेवती-ओरिल मार्ग स्थित रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पैतृक जमीन के बंटवारे और आर्थिक लेन-देन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने दादा और चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या की थी। उसने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के बारे में भी जानकारी दी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव पुत्र स्वर्गीय सूर्यलाल उर्फ सनातन दास, निवासी ग्राम ताराखुर्द, थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकरनगर, उम्र लगभग 33 वर्ष है। आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे के अलावा पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment