.

आजमगढ़: विशेष लोक अदालत के प्रचार वाहन को हरी झंडी, 21 से 23 अगस्त तक होगा आयोजन


सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के आपसी समझौते से निस्तारण का मिलेगा अवसर, पक्षकार ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन

आजमगढ़: 21 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। एडीआर परिसर से निकले इस प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को समाधान समारोह और विशेष लोक अदालत की जानकारी दी जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नितिका राजन ने बताया कि न्याय को सरल, सुलभ और सहमति आधारित बनाने के उद्देश्य से माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 21 अप्रैल 2026 से समाधान समारोह की शुरुआत की गई है। इसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा। इस दौरान सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत से पहले राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों पर सुलह बैठकों का आयोजन होगा। इन बैठकों में पक्षकार व्यक्तिगत रूप से अथवा वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर अपने विवाद का समाधान तलाश सकते हैं।
सचिव ने अधिवक्ताओं, वादकारियों और संबंधित पक्षों से समाधान समारोह में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए पक्षकार गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह फॉर्म भरना आसान है और इसे सर्वोच्च न्यायालय तथा जिला न्यायालय, आजमगढ़ की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment