.

आजमगढ़: रात्रि अभियान में 13 गैर-जमानती वारंटी गिरफ्तार


सर्किल नगर में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, वारंटियों को पकड़ न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू

आजमगढ़: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर न्यायालयों द्वारा जारी गैर-जमानती वारंटों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार रात सर्किल नगर क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में चले अभियान में पुलिस ने 13 गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया।
अभियान शुरू होने से पहले क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने सर्किल के सभी थाना प्रभारियों और गठित पुलिस टीमों की ब्रीफिंग कर वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर दबिश देकर वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियान में कोतवाली थाना क्षेत्र से चार, सिधारी से एक, रानी की सराय से सात तथा कंधरापुर से एक गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों का समयबद्ध निष्पादन आजमगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कानून से बचने का प्रयास करने वाले वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment