.

आजमगढ़: धर्म-कर्म का झांसा देकर ठगी करने वाला ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार


पूर्व में पकड़े गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को मिली सफलता, दो वारदातों का हुआ खुलासा

आजमगढ़: कोतवाली पुलिस ने धर्म-कर्म, ग्रहदोष और पूजा-पाठ का भय दिखाकर महिलाओं से सोने-चांदी के आभूषण ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के ₹25 हजार के इनामी सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ₹400 नकद, आभूषण साफ करने वाले केमिकल की शीशी तथा विभिन्न रंगों के 10 नग (पत्थर) बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से फरवरी में हुई दो ठगी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय की टीम ने सोमवार को रोडवेज प्राइवेट बस अड्डे के पास मुखबिर की सूचना पर ₹25 हजार के इनामी हुसैनू पुत्र नजरूद्दीन, निवासी ठण्डा नाला गूलर भोज, थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 7 फरवरी 2026 को आशा पत्नी रामप्रवेश निवासी छतौरा, जनपद मऊ (हाल पता काली चौरा, कोतवाली, आजमगढ़) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्रैंड एसआर होटल के पास दो अज्ञात लोगों ने ग्रहदोष दूर करने का झांसा देकर उनकी सोने की चेन, अंगूठी और ₹2 हजार नकद ठग लिए थे। इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान गिरोह के सदस्य लईक उर्फ लकी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। पूछताछ में हुसैनू ने बताया कि वह सैफ अली खां, इमरान और लईक उर्फ लकी के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर अधेड़ और वृद्ध महिलाओं को धर्म-कर्म, ग्रहदोष और पूजा-पाठ का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे और उनके आभूषण व नकदी लेकर फरार हो जाते थे। उसने स्वीकार किया कि 6 और 7 फरवरी 2026 को गिरोह ने बेलइसा सब्जी मंडी और लाइफ लाइन हॉस्पिटल के पास दो महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया था। ठगी के बाद आभूषण बेचकर मिली रकम आपस में बांट ली गई थी। आरोपी के हिस्से में लगभग ₹35 हजार आए थे, जिनमें से अधिकांश खर्च हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ के अलावा सोनभद्र में भी धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment