विजय सुपर स्पेशियलिटीज हॉस्पिटल मेंआयोजित हुई स्वास्थ्य कार्यशाला,200 से अधिक लोगों की हुई मुफ्त जांच,100 मरीजों को दिया ग्लूकोमीटर
आजमगढ़: नगर पंचायत बूढ़नपुर स्थित विजय सुपर स्पेशियलिटीज हॉस्पिटल में शनिवार को मधुमेह (डायबिटीज) जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बूढ़नपुर क्षेत्र को मधुमेह मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को मधुमेह से बचाव, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। मुख्य अतिथि लखनऊ के डॉ. नरसिंह वर्मा ने कहा कि मधुमेह तेजी से फैलने वाली बीमारी बन चुकी है और इससे बचाव के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एक गांव को गोद लेकर वहां के मरीजों को निःशुल्क परामर्श, जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल को भविष्य में अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तारित किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय तिवारी ने कहा कि भारत में मधुमेह के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यदि समय रहते लोग सतर्क नहीं हुए तो इसका गंभीर असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. मनीष त्रिपाठी ने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनावमुक्त जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से मधुमेह पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या, तनाव और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग के कारण युवा भी तेजी से इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। डॉ. रजनी त्रिपाठी ने महिलाओं में होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि बूढ़नपुर को मधुमेह मुक्त बनाना उनका लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से कार्यशाला में करीब 100 मरीजों को निःशुल्क ग्लूकोमीटर वितरित किए गए, जबकि 200 से अधिक लोगों की मुफ्त जांच कर आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। उन्होंने बताया कि गोद लिए गए गांव के सभी मधुमेह मरीजों का पूर्णतः निःशुल्क उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही बूढ़नपुर वार्ड नंबर-7 के मरीजों को नियमित जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि क्षेत्र को मधुमेह मुक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुडलक सिंह, डॉ. अक्षी सिंह, डॉ. पवन पांडेय, अमित सिंह, बाल गोविंद, महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment