नाबालिग को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने का था मामला
आजमगढ़: रौनापार थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की की खरीद-फरोख्त और मानव तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला अभियुक्ता को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक 12 अक्टूबर 2024 को रौनापार थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की तहरीर पर उसकी नाबालिग बहन को सुनील यादव द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और आयु संबंधी अभिलेखों के आधार पर मामले में मानव तस्करी तथा पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। जांच में अनिल यादव, पुष्पा, श्रीमती देवी तथा एक अज्ञात खरीदार की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस ने बताया कि मुख्य अभियुक्त सुनील यादव और अनिल यादव को तीन दिसंबर 2024 तथा श्रीमती देवी को पांच जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसके बाद से सह-अभियुक्ता पुष्पा की तलाश की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष रौनापार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार सुबह सपहा पाठक तिराहा, चिलबिली रोड से पुष्पा पुत्री श्रीराम, निवासी ग्राम नकीब खोजौली, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ (हाल पता- पत्नी मुकेश दान, ग्राम खिलेरिया, थाना सरदारशहर, जनपद चूरू, राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment