.

आजमगढ़: यूपीटीईटी परीक्षा की तैयारियों में जुटा प्रशासन,डीएम ने दिए निर्देश


2 से 4 जुलाई तक 14 केंद्रों पर होगी परीक्षा,सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट होंगे तैनात


आजमगढ़: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा, गोपनीयता और अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 6432 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, शीतल पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा दिवस पर यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और किसी भी केंद्र पर जाम की स्थिति न बनने पाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय से पहले अपनी ड्यूटी स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। बैठक के बाद सभी अधिकारियों को अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। प्रश्नपत्रों और गोपनीय सामग्री का सुरक्षित परिवहन तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उनकी सुरक्षित वापसी आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई जाएगी। स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा दिवस पर सुबह छह बजे तक केंद्र पहुंचकर कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों के पैकेट केंद्राध्यक्ष, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, कक्ष निरीक्षकों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ खोले जाएंगे। प्रश्नपत्र वितरण सहित पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी।
डीएम ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 प्रभावी रहेगी। इस दौरान लाउडस्पीकर के प्रयोग पर रोक रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर फोटोस्टेट और कॉपी की दुकानें भी बंद कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेजर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश देने के निर्देश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि परीक्षा की गोपनीयता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा या अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता-2023 तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं नोडल अधिकारी गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment