.

आजमगढ़: मलेशियाई नागरिक बनने के बाद भी सरकारी योजनाओं से लिया लाभ


कोर्ट के आदेश पर बैंक खाते में जमा 2.33 लाख रुपया पुलिस ने जब्त किया


आजमगढ़: थाना निजामाबाद पुलिस ने सरकारी योजनाओं में कथित धोखाधड़ी कर अवैध रूप से प्राप्त धनराशि के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मलेशिया की नागरिकता और पासपोर्ट रखने के बावजूद खुद को भारतीय नागरिक बताकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के आरोपी की बैंक खाते में जमा 2,33,465 रुपये की धनराशि को न्यायालय के आदेश पर जब्त कर लिया गया है। यह राशि संबंधित सरकारी योजनाओं के राजकोष में जमा कराई जाएगी। पुलिस के अनुसार, मो. कुद्दूस उर्फ कुद्दूस उर्फ मोहम्मद कुद्दूस बिन रज्जाग शाह पुत्र अलीरजा, निवासी ग्राम सुराई, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ ने मलेशिया की नागरिकता एवं पासपोर्ट प्राप्त करने के बावजूद भारत में स्वयं को भारतीय नागरिक दर्शाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इस मामले में थाना निजामाबाद में मु.अ.सं. 71/2026 के तहत धारा 318(4), 319, 335, 336(3), 338 एवं 340 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी को 25 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में मौजूद 2,33,465 रुपये को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए फ्रीज कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर की संस्तुति के बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-10, आजमगढ़ में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने 24 जून 2026 को धारा 107(2) बीएनएसएस के तहत उक्त धनराशि के अधिग्रहण एवं जब्ती का आदेश पारित किया। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई राशि संबंधित सरकारी योजनाओं के खाते में जमा कराई जाएगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रशीदगंज उपनिरीक्षक राज नारायण पाण्डेय तथा अभियोजन अधिकारी नवनीत त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी, कूटरचना और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment