सर्वाधिक कर देने वाले 10 व्यापारियों एवं उद्यमियों को 'भामाशाह पुरस्कार' से सम्मानित किया
आजमगढ़: महान दानवीर भामाशाह की जयंती सोमवार को जनपद में व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित मुख्य समारोह में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह, अपर आयुक्त राज्य कर (अपील) हरिलाल प्रजापति, राज्य कर विभाग के अधिकारियों, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों, उद्यमियों एवं बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और दानवीरता का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय आर्थिक सहयोग देकर राष्ट्रसेवा का अनुपम परिचय दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। समारोह में राज्य कर विभाग, जिला उद्योग केंद्र, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, नगर विकास, ग्राम्य विकास तथा औद्योगिक विकास विभाग द्वारा ओडीओपी सहित विभिन्न योजनाओं और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने भामाशाह के जीवन और योगदान पर आधारित दुर्लभ चित्रों एवं अभिलेखों की प्रदर्शनी भी लगाई। संस्कृति विभाग के कलाकार अर्पित मिश्रा एवं उनकी टीम ने भामाशाह के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर राज्य कर विभाग ने जनपद के सर्वाधिक कर अदा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों एवं उद्यमियों को 'भामाशाह पुरस्कार' से सम्मानित किया। सम्मानित प्रतिष्ठानों में दीप ऑटो ट्रेडर्स, मातादीन रतनलाल, रघुनंदन प्रसाद रामेश्वर प्रसाद ज्वैलर्स, अशोक कुमार आशीष कुमार गोल्ड, हिमालया स्कूटर्स, क्यूजे मोटर्स प्रा. लि., संतोष कुमार सिंह कॉन्ट्रैक्टर, एसकेआर ईंट भट्ठा तथा राय ईंट उद्योग सहित अन्य चयनित करदाता शामिल रहे। जिला उद्योग केंद्र की ओर से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत सफल उद्यम स्थापित करने वाली जया मिश्रा, रेनू, निहारिका सिंह तथा निवेशक मिथिलेश बरनवाल एवं सुबोध कान्त को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर एवं कांस्य मेडल के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान भामाशाह के जीवन पर आधारित प्रेरक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। जिले के व्यापारिक संगठनों और व्यापारी कल्याण मंडलों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर व्यापारी कल्याण दिवस मनाया गया। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर बैनर लगाए तथा मिष्ठान, शर्बत और फलों का वितरण कर भामाशाह के सेवा और दान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
Blogger Comment
Facebook Comment