.

आजमगढ़: योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, वेदांता नर्सिंग कॉलेज में सामूहिक योगाभ्यास




अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने किया योग, नियमित अभ्यास का लिया संकल्प

आजमगढ़: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के लच्छीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं हॉस्पिटल परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नर्सिंग कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. विशाल जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है और वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं हॉस्पिटल परिवार भी पूरे उत्साह के साथ इस आयोजन में सहभागी बनता है। उन्होंने कहा कि योग मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है और व्यक्ति अपने कार्यों को अधिक दक्षता के साथ कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। प्रतिदिन कुछ मिनट योग करने से भी स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
योग सत्र के दौरान प्रशिक्षक प्रियांशु ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। बीएससी नर्सिंग की छात्रा आयुषी सिंह ने कहा कि योग न केवल बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ एवं फिट रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल डॉ. रीना पांडेय, शिक्षक हेमंत पांडेय, शशांक श्रीवास्तव, श्रुति कुशवाहा, खुशबू मोदनवाल, सुधा, आकांक्षा, विनय, प्रदीप, दिव्यांशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment