.

आजमगढ़: लूट व ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार



कंजहित में महिलाओं को झांसा देकर हड़पे थे आभूषण,एक के पैर में लगी गोली

आजमगढ़: देवगांव थाना क्षेत्र के कंजहित गांव में महिलाओं को गहने साफ और चमकाने का झांसा देकर सोने के आभूषण हड़पने वाले दो अंतरराज्यीय शातिर अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी भागने की कोशिश के दौरान दबोच लिया गया। दोनों आरोपी बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। 16 जून को कंजहित गांव निवासी जयनारायण दुबे ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पत्नी मनोरमा दुबे को दो अज्ञात लोगों ने गहने साफ करने का झांसा दिया और सोने की चैन व कान के झाले लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपितों ने असलहा दिखाकर उन्हें डरा दिया था। इस मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे पल्हना चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह गायत्री मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय और लालगंज चौकी प्रभारी रविन्द्रनाथ पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ पीछा किया। सरूपहां क्षेत्र में बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान चाहत कुमार पुत्र स्व. मिथिलेश शाह, निवासी ग्राम समेली, थाना कुरसेला, जनपद कटिहार (बिहार) के रूप में हुई, जबकि उसके साथी मुन्ना शाह पुत्र स्व. जोगेन्द्र शाह, निवासी ग्राम समेली, थाना कुरसेला, जनपद कटिहार (बिहार) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में लूटी गई एक सोने की चैन, दो कान के झाले, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ विभिन्न जिलों और राज्यों में घूम-घूमकर महिलाओं को गहने साफ, चमकाने या पुराने गहनों को नया बनाने का झांसा देकर ठगी और लूट की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। पुलिस अब उनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment