एक माह से लापता थी युवती, हत्या के बाद शव झाड़ियों में छिपाने का आरोप
आजमगढ़: जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़ैला ताल से शनिवार शाम एक युवती का कंकाल बरामद होने से सनसनी फैल गई। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और कंकाल अवस्था में मिला। शव का सिर गायब होने से मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने कंकाल की पहचान मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी ममता (24) के रूप में की है। मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी ममता का जहानागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा से पिछले डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था। 22 मई की रात ममता घर से निकली थी और इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मृतका की मां गीता देवी ने 19 जून को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री 22 मई की रात करीब आठ बजे मनोज यादव के साथ गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 मई को दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान धक्का लगने से ममता की मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को बड़ैला ताल में झाड़ियों के बीच छिपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर शनिवार को पुलिस ने ताल से युवती का कंकाल बरामद कर लिया। मृतका के चाचा छोटेलाल राजभर ने आरोप लगाया कि 16 जून को ही परिवार ने मेंहनगर थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और उन्हें टाल दिया गया। इसके बाद परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर मामले की जांच तेज की गई। इसके बाद आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई और शव बरामद हुआ। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया, जिसने घटना की जानकारी स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर कंकाल बरामद किया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, शव का सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस सनसनीखेज घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment