.

आजमगढ़: परिवहन मंत्री का स्काउट्स-गाइड्स ने किया भव्य स्वागत


आजमगढ़ पब्लिक स्कूल की कलर पार्टी ने नए आरटीओ भवन तक किया एस्कॉर्ट

आजमगढ़: कोटिला चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के स्काउट्स एवं गाइड्स दल की कलर पार्टी ने उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का भव्य स्वागत किया। मंत्री गंभीरवन क्षेत्र में नवनिर्मित आरटीओ भवन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इस दौरान विद्यालय की कलर पार्टी ने अनुशासन और स्काउटिंग भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंत्री को सम्मानपूर्वक नए आरटीओ भवन तक एस्कॉर्ट किया। विद्यार्थियों की सुसज्जित एवं अनुशासित प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद अधिकारियों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विद्यार्थियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग गतिविधियां बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम में कलर पार्टी का नेतृत्व जिला संगठन आयुक्त (स्काउट्स) अवधेश यादव, जिला आईटी कोऑर्डिनेटर (स्काउट्स) अजय यादव और यूनिट लीडर मोहम्मद शाहिद ने किया। ट्रेनिंग काउंसलर आदर्श, दिव्यांशु, आंशिक यादव, अंजली और मोनू की भूमिका भी सराहनीय रही।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह रिशु, भाजपा जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, शिखर ओझा (डीटीसी गोरखपुर), वी.के. राजपूत (आरटीओ प्रशासन), सुनील दत्त (आरटीओ प्रवर्तन), विष्णुकांत मिश्र (एआरटीओ), अतुल यादव (एआरटीओ प्रवर्तन) और प्रमोद गौतम (आरआई) सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर को अपने लिए गौरवपूर्ण बताते हुए सभी अतिथियों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता को और अधिक मजबूत करते हैं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment